दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लघु फिल्म निर्माता राहुल रॉय और डॉक्यूमेंट्री फिल्म मेकर सबा दीवान को पूछताछ के लिए समन भेजा। समन मिलने के बाद दोनों लोधी कॉलोनी पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं जहां उनसे पूछताछ चल रही है। दोनों पर दंगा और केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन के लिए आम लोगों को भड़काने का आरोप है।
स्पेशल सेल ने जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद को 11 घंंटे की पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद को रविवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया है। उमर खालिद के खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई की गई है। स्पेशल सेल के एक सीनियर अधिकारी ने उमर खालिद की गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उमर खालिद को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उमर खालिद को रविवार शाम को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उससे कई घंटे पूछताछ हुई और उसके बाद को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी को लेकर खालिद के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
उमर को पहले भी दो बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पहली बार जब पूछताछ हुई थी तो मोबाइल जब्त किया गया था। अब जांच में सबूत मिलने के बाद उमर खालिद को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस दिल्ली दंगों की साजिश रचने के मामले की जांच कर रही है। इस मामले में 15 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।