दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 250 करोड़ की हेरोइन बरामद कर ड्रग्स का कारोबार करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बेमिना गोसिया कालोनी, श्रीनगर निवासी अल्ताफ उर्फ मेराजुद्दीन दर्जी (45), रायनावाड़ी, सैयदा, कादल, श्रीनगर निवासी आबिद हुसैन (40), काबुल, अफगानिस्तान निवासी हश्मत मोहम्मदी (31), तिफाल नाउखेज उर्फ टिफली (41) और पुरानी दिल्ली, बल्लीमारान निवासी अब्दुल्लाह नजीबुल्लाह उर्फ नबी (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 54.2 किलोग्राम उम्दा किस्म की हेरोइन बरामद की है। अफगानिस्तान में बैठे कासिम और हाजी नामक आरोपी हेरोइन का कच्चा माल भारत भेजते हैं। उसे पंजाब और दिल्ली में केमिकल की मदद से हेरोइन के रूप में तैयार कर बेचा जाता था। पुलिस ने जामिया नगर के बटला हाउस इलाके में चल रही फैक्टरी भी पकड़ी है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम लगातार नशे का धंधा करने वाले लोगों पर नजर रखती है। इसी कड़ी में जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कश्मीर मॉड्यूल का एक युवक अल्ताफ उर्फ मेराजुद्दीन दिल्ली में हेरोइन तस्करी में लगा हुआ है। वह लगातार दिल्ली-एनसीआर में आता है। इसी कड़ी में पुलिस दो मई को सूचना मिली कि आरोपी अशोक रोड पर आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 4.5 किलो हेरोइन बरामद की।