दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना के साथ ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए इनके कब्जे से 23 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रयी बाजार में कीमत 90 करोड़ रुपये है।
यह हेरोइन म्यांमार से मणिपुर होते हुए भारत में आती थी। स्पेशल सेल इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगी हुई है। आरोपी एक स्विफ्ट और वैगनआर कार का इस्तेमाल कर हेरोइन छिपाकर उसे एक जगह से दूसरी जगह लाने में करते थे। इंस्पेक्टर शिव कुमार और इंस्पेक्टर करमवीर ने एसीपी अतर सिंह के नेतृत्व में इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
आरोपियों की पहचान उदय(30) निवासी सारन बिहार, सुबोध दास(26) निवासी बेगुसराय बिहार, संजीव कुमार(25) निवासी बेगुसराय बिहार, नित्यानंद(28) गोलाघाट असम, राहुल हंदीक(30) गोलाघाट असम के रूप में हुई है।