दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 50 हजार के इनामी हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कुराना, टप्पल, अलीगढ़ निवासी हरवीर (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 110 कारतूस (70 कारतूस .315 बोर और 40 कारतूस .32 बोर) बरामद किए हैं। आरोपी 30 अप्रैल से फरार था और दिल्ली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि 30 अप्रैल 2019 को पुलिस ने बच्चू सिंह और अजय साल्वे को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास मथुरा रोड से गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली: पहले दिनभर खूब पी शराब, फिर दरवाजा बंद कर फंदे पर लटका पुलिसकर्मी
आरोपियों के पास से 35 पिस्टल व 70 कारतूस बरामद हुए थे। आरोपियों ने खुलासा किया था कि वह हथियारों को बदरपुर निवासी हरवीर को सप्लाई करने आए थे। हरवीर दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों को हथियार सप्लाई करता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हरवीर की तलाश शुरू कर दी। 13 अगस्त को टीम ने आरोपी हरवीर को शिवपुरी, अलीगढ़ से दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके गांव कुराना से पुलिस ने 110 कारतूस बरामद किए।
पूछताछ के दौरान हरवीर ने बताया कि वह करीब 14 साल से अवैध हथियारों के धंधे में लगा है। शुरूआत में वह गांव में धंधा करता था, लेकिन 2006 में वह अपने साथी दीना के साथ गिरफ्तार हो गया। जेल से निकलने के बाद वह बुलंदशहर गया। बाद में 2016 में वह अलीगढ़ चला गया। वह मध्य प्रदेश से हथियार लेकर आता था।
ये भी पढ़ेंः 'हैलो... मेरी पत्नी फिदायीन है, वह दिल्ली हवाई अड्डे पर विस्फोट करने जा रही है'
इसके बाद 2018 में वह दिल्ली के बदरपुर शिफ्ट हो गया, यहां से वह दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों को हथियार सप्लाई करने लगा। अप्रैल में इसके साथी पकड़े गए तो वह फरार हो गया।