सोशल मीडिया के माध्यम से अपना प्रभाव दिखाने वाले बॉबी कटारिया की मुश्किलें अब बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, यह एफआईआर स्पाइस जेट की फ्लाइट में स्मोकिंग करने के मामले से जुड़ी है। बॉबी कटारिया की उन तस्वीरों को आधार बनाया गया है जिसमें वह फ्लाइट में स्मोकिंग करते देखे जा सकते हैं।
हाल ही में बॉबी कटारिया का स्पाइसजेट की फ्लाइट में धूम्रपान करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में कटारिया को स्पाइसजेट के विमान में बीच की सीट पर सिगरेट जलाते हुए दिखाया गया है। कटारिया के इंस्टाग्राम पर 6.3 लाख फॉलोअर्स हैं। बता दें कि यात्रियों को विमान में लाइटर तक ले जाने की अनुमति नहीं है, विमान में धूम्रपान करने की भी अनुमति नहीं है। इसे लेकर स्पाइसजेट पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद बॉबी कटारिया ने रखा अपना पक्ष
अपने धूम्रपान विवाद के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी कटारिया ने बताया कि जिस वीडियो में मुझे धूम्रपान करते देखा गया वह कोई सामान्य हवाई जहाज नहीं है, यह एक नकली विमान था और वह दुबई में मेरी शूटिंग का एक हिस्सा था। साथ ही उसने कहा कि विमान के अंदर लाइटर ले जाने की अनुमति नहीं है।