फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मियों को श्रद्धांजलि दी

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को किंग्सवे कैंप के परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बयान जारी किया कि एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच ड्यूटी के दौरान कुल 154 पुलिसकर्मियों ने जान गंवाई। इनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 25, बिहार के 12, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के नौ-नौ तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के आठ कर्मी शामिल हैं। बयान के मुताबिक, केंद्रीय पुलिस संगठनों में असम राइफल्स के छह, बीएसएफ के 25, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के चार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो, आईटीबीपी के नौ, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के पांच और आरपीएफ के आठ कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाई।
विज्ञापन

इनके अलावा अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और होमगार्ड के एक-एक तथा दिल्ली पुलिस के तीन कर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी गई। समारोह की शुरुआत शहीदों की स्मृति पुस्तक को धीमी गति से परेड में लाने के साथ हुई। गार्ड ने सलामी दी और अधिकारियों ने पुस्तक को मंच पर रखे जाने से पहले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने शहीदों के नाम पढ़े। इसके बाद स्मृति पुस्तक को स्मारक स्थल पर ले जाया गया। आयुक्त कुमार, दिल्ली की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी और दिल्ली पुलिस के अन्य सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा कर्मियों ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए। शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। श्रद्धांजलि पाने वाले दिल्ली पुलिस के तीन कर्मियों में सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल संदीप दहिया और कांस्टेबल मोहर सिंह मीणा शामिल थे। पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों के बलिदान की याद में मनाया जाता है। ये पुलिसकर्मी अक्साई चिन में भारतीय क्षेत्र का उल्लंघन कर आए भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में मारे गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें