अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखने वाले पन्नूं ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें संसद भवन पर हमले के दोषी अफजल गुरु के साथ वाला एक पोस्टर भी जारी किया है। इस पोस्टर पर लिखा है- 'दिल्ली बनेगा पाकिस्तान'।
प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई है। दिल्ली में जगह-जगह पिकेट लगाकर चेकिंग शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत सभी को इलाकों में गश्त करने के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
अमेरिका में रहने वाले खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो संदेश जारी कर धमकी दी है। वीडियो में कहा गया है कि संसद हमले की बरसी पर 13 दिसंबर को संसद पर हमला किया जाएगा। धमकी के बाद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि संसद के आसपास सुरक्षा पहले से ही बढ़ा दी गई है। किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि जब संसद चल रही हो तो पुलिस हमेशा सतर्क रहती है, बावजूद हम सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी दिल्ली में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने उसे मारने की कोशिश की। वह इसका जवाब 13 दिसंबर को देंगे।
विज्ञापन
पहले भी धमकी दे चुका है पन्नूं
इससे पहले भी खालिस्तानी आतंकी पन्नू गीदड़ भभकी दे चुका है। उसने सिख लोगों से 19 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट से यात्रा न करने के लिए कहा था। उसने कहा था कि अगर एयर इंडिया से यात्रा करेंगे तो आपकी जान खतरे में पड़ जाएगी। पन्नूं ने आगे दावा किया था कि दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 19 नवंबर को बंद रहेगा और इसका नाम बदल दिया जाएगा।