दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को मदनगिर और मदनगिर गांव में 14 मोटरसाइकिल और 4 कारों में आग लगाने वाले युवक (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शख्स ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी थी। बता दें कि आरोपी की करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
पुलिस को सबसे पहले सोमवार रात करीब तीन बजे मदनगीर गांव के चार्ली शोरूम वाली गली में मोटरसाइकिलों में आग लगाने की सूचना मिली थी। अधिकारियों के अनुसार आरोपी युवक ने कुल छह जगहों पर आग लगाई। इसमें 14 बाइक व चार कारें जलीं। सभी बाइक व दो कारों पूरी तरह जल गईं, जबकि दो कार आधी जलीं।
युवक ने चार्ली शोरूम वाली गली में एक साथ खड़ी सभी मोटरसाइकिल का फ्यूल पाइप निकाला। जब मौके पर नीचे काफी पेट्रोल गिर गया तो आरोपी ने माचिस से तिल्ली जलाकर आग लगा दी। सूचना देने के बाद अंबेडकर नगर थाने की करीब आधा दर्जन टीमों ने आरोपी को पूरे इलाके में तलाश किया, मगर आरोपी का कहीं पता नहीं लगा।
इसी तरीके से आरोपी ने करीब छह जगहों पर मोटरसाइकिल व कारों में आग लगाई। गौरतलब है कि मोटरसाइकिलों में आग लगाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रहीं हैं। हालांकि एकाध ही मोटरसाइकिल में आग लगाने की सूचनाएं मिली थी। पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में मोटरसाइकिलों में आग लगाई गई थी।