दिल्ली में आतंकी हमले को रोकने व आतंकियों को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस ने चक्रव्यूह रचना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने ऐसी रणनीति बनाई है कि अगर आतंकियों ने दिल्ली में कहीं हमला कर दिया तो वह न भाग सकेंगे और न ही ज्यादा तबाही कर सकेंगे।
दिल्ली पुलिस ने अपनी स्ट्राइक टीमों को जिला नेट (वायरलेस सिस्टम) से जोड़ा है। स्ट्राइक टीमों के अलावा पुलिस की टीमों को रोशनी करने वाले वेरी लाइट पिस्टल भी दी गई हैं।
दिल्ली पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने बताया कि दिल्ली के कुल 181 में से पब्लिक से सीधे जुड़े 164 थाने हैं। दिल्ली पुलिस के पास इस समय करीब पांच हजार कमांडो हैं। इन पुलिसकर्मियों को कमांडो की अच्छी ट्रेनिंग दी गई है।