बवाना इलाके में दिल्ली पुलिस के सिपाही की हत्या कर दी गई। शरीर पर 50 से अधिक चाकू से वार के जख्म मिले हैं। शनिवार सुबह नंगला रोड पर कार में उसका शव मिला।
सिपाही की पहचान कंझावला निवासी संदीप भारद्वाज (35) के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि रंजिश की वजह से उसकी हत्या की गई है। बवाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नंगला रोड पर एक एसएक्स4 कार में लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
युवक के शरीर पर डंडे से मारने के निशान के अलावा चाकू के 50 जख्म थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने संदीप के संवेदनशील अंग पर दर्जन भर वार किए थे। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए युवक की पहचान करने की कोशिश की।