अक्षरधाम मंदिर के पास रविवार शाम नशे में धुत्त दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने नौ माह के मासूम को अपनी मारुति रिट्ज कार से कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 60 साल की बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना के बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने मौके से कार समेत फरार होने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने एनएच-24 पर जाम भी लगा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाया।
आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान अशोक के रूप में हुई है। वह पांडव नगर थाने में तैनात है। बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाया कि हफ्ता न देने पर पुलिसकर्मी ने दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर जानबूझकर मासूम को कुचल दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपों से इनकार कर रहे हैं।
पुलिसवाले ने जमकर पी शराब
पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त गोपाल (नौ माह) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ यमुना खादर रैनीवेल नंबर-3 के पास रहता था। गोपाल का परिवार खेतीबाड़ी करता है, जबकि उसके नाना सुभाष वहीं यमुना खादर में मछली बेचते हैं।
आरोप है कि रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे अशोक दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में अपनी कार से यमुना खादर में पहुंचा। वहां उसने जमकर शराब पी। खादर के बाजार से ले जाकर मछली फ्राई कर खाई।
इसके बाद वह तेजी से कार एनएच-24 की ओर ले जाने लगा। वहीं पास में गोपाल पड़ोसी महिला व रिश्ते में गोपाल की दादी दमनी देवी (60) के पास खेल रहा था।
मासूम के ऊपर चढ़ा दी कार
तेजी से कार चलाने के दौरान कार गोपाल पर चढ़ते-चढ़ते बची। दमनी देवी ने जब उससे देखकर कार चलाने के लिए कहा तो आरोप है कि अशोक ने कार बैक कर मासूम के ऊपर चढ़ा दी।
बच्चे को बचाने के चक्कर में दमनी देवी भी कार की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में दोनों कोे अस्पताल ले जाया गया, जहां गोपाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दमनी का इलाज जारी है।
जैसे ही स्थानीय लोगों को घटना का पता चला लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने मौके से भाग रहे अशोक को पकड़ लिया। जबकि उसके साथ मौजूद पुलिसकर्मी भाग गए। भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया।
पुलिसवाले ने पी रखी थी शराब
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसबल ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाया। मंडावली थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मेडिकल में अशोक के शराब पीने की पुष्टि हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कार में एक ही पुलिसकर्मी के सवार होने की बात कर रहे हैं।
लापरवाही और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जिला
परिवार ने लगाया हफ्ता मांगने का आरोप
मासूम गोपाल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहां उनकी मछली मार्केट लगती है वहां थाना मंडावली थाने का लगता है, जबकि एनएच-24 पर पांडव नगर थाने का इलाका लगता है।
गोपाल के परिजनों ने आरोप लगाया कि अशोक व उसके साथी पुलिसकर्मी मार्केट में हफ्ता लेने आते थे। उनका काम भी नहीं चल पा रहा था। इस वजह से उनका हफ्ता नहीं दिया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक रविवार भी हफ्ता मांगा गया था न देने पर बच्चे को जानबूझकर कुचल दिया। इधर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ऐसे आरोपों से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पूरा मामला बस एक हादसा है। फिर भी मामले की छानबीन की जा रही है।