दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने की जुगत कर रही आम आदमी पार्टी के प्रचार पर दिल्ली पुलिस ने फिलहाल रोक लगा दी है। विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर चल रहे आप के जिंगल पर रोक लगाकर दिल्ली पुलिस ने पार्टी को नोटिस देने की तैयारी शुरु कर दी है।
दरअसल 'आप' इस रेडियो जिंगल के माध्यम से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस को घेरना चाहती है। साथ ही इसमें अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है। आप के इस रेडियो विज्ञापन में रीतू नाम की एक छात्रा अपने साथ हुई छेड़छाड़ की आपबीती सुनाती है।
विज्ञापन में कहा गया है कि‘मैं रीतू हूं। जब मैं ट्यूशन से लौट रही थी तब मुझ पर तीन लड़कों ने अश्लील फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ की। जब मैं पुलिस स्टेशन गई तो ड्यूटी पर तैनात अधिकारी ने मुझसे उन तीन लड़कों के खिलाफ सबूत मांगा। मैं पुलिस के सवालों से परेशान हो गई। आखिरकार मैं बिना मुकदमा दर्ज कराए बाहर आ गई।
सूत्रों के मुताबिक मामले में दिल्ली पुलिस आप को नोटिस देने की तैयारी भी कर रही है। पार्टी से उस छात्रा के बारे में भी जानकारी मांगी जाएगी जिसने रेडियो पर खुद के साथ छेड़छाड़ के मामले में दिल्ली पुलिस को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है।