दिल्ली पुलिस ने क्लब हाउस एप को खत लिखकर उन ऑडियो चैट आयोजकों की जानकारी मांगी है जिसमें मुस्लिम महिलाओं के विरुद्ध अश्लील व अपमानजनक शब्द बोले गए थे। केस में मंगलवार को ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधीन आने वाली आईएफएसओ यूनिट ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
क्या है पूरा मामला
सुल्ली डील्स व बुल्ली बाई एप के बाद सोशल मीडिया पर क्लब हाउस एप सामने आई है। इस एप के जरिए एक समुदाय विशेष की महिलाओं को अपमानित करने के लिए अपशब्द व अश्लील बातें कहीं गई हैं। विवादित बातों की रिकार्डिंग को किसी ने ट्विटर पर ट्वीट कर दिया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलीजेंस फ्यूजन एण्ड स्टेट्रैजिक ऑप्स(आईएफएसओ) ने निगरानी के दौरान इस ट्वीटर को पकड़ा। इसके बाद आईएफएसओ ने धार्मिक भावनाएं भड़काने व छेड़छाड़ का मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया। आईएफएसओ में तैनात एसीपी रमन लांबा की देखरेख में महिला एसआई सुमन को मामले की जांच सौंपी गई है।
आईएफएसओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गूगल प्ले स्टोर पर क्लब हाउस एप है। इस एप पर चैटरूम बने होते हैं। किसी ने इस एप में बने चैटरूम का नाम विशेष समुदाय की लड़कियां हिंदू लड़कियों से सुंदर होती है... रखा हुआ था। इस चैटरूम में काफी लोग बातें करते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी ने चैटरूम में हो रही बातचीत की रिकार्डिंग कर ली और ट्विटर पर ट्वीट कर दिया। इस रिकार्डिंग में एक समुदाय विशेष की महिलाओं के बारे में अश्लील व आपत्तिजनक बातें कहीं गई हैं। हालांकि रिकार्डिंग में सभी समुदाय की महिलाओं की बारे में बात कही जा रही है। मगर एक जगह पर एक समुदाय विशेष का नाम लिया गया है।
इस रिकार्डिंग को किसी ने मंगलवार को ट्वीट कर लिया। आईएफएसओ के निगरानी सेल ने अपनी निगरानी के दौरान इस ट्वीट को पकड़ा। इसके बाद आईएफएसओ ने इस बाबत मंगलवार को धार्मिक भावनाएं भड़काने व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया था। आईएफएसओ के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।