दिल्ली उत्तर पूर्वी जिला पुलिस ने ज्योति नगर इलाके में प्रतिबंधित पटाखे बेच रहे एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से 162 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। 26 अक्तूबर को जिला वाहन चोरी निरोधक शाखा को ज्योति नगर क्षेत्र के हनुमान फाटक, अशोक नगर के पास गली नंबर 3 में एक दुकानदार के पटाखे बेचने की सूचना मिली थी।
निरीक्षक विनोद अहलावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की। एक व्यक्ति को अवैध रूप से पटाखे बेचते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दुकानदार की पहचान संजीव जैन के रूप में हुई। उसकी दुकान से 162 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। दुकानदार ने बताया कि आसानी से पैसा कमाने के लिए वह पटाखे बेच रहा था। पुलिस दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।