दिल्ली के वसंत कुंज (साउथ) थाना पुलिस ने पत्थर से सिर पर वार कर नेपाली युवक की हत्या करने वाले उसके दोस्त को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या के अनुसार, वसंत कुंज इलाके के एक प्लॉट में 7 जून को एक नेपाली युवक का शव मिला था। पास में खून से सने पत्थर व ईंटें और शराब व बीयर की खाली बोतलें मिलीं।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार की देख-रेख में इंस्पेक्टर संदीप शर्मा, एसआई रोहित, सुभाष व भगवान सिंह की टीम ने पहचान के लिए युवक के पोस्टर छपवाए। शराब के क्वार्टर के बार कोर्ड से पता लगा कि वह डीडीए मार्केट, वसंत कुंज स्थित दुकान से खरीदा गया था।
शव की पहचान नेपाल निवासी किशन कार्की (30) के रूप में हुई। वह किशनगढ़ में स्थित लोकल ढाबे में काम करता था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पहचान के बाद आरोपी किशनगढ़ निवासी हरबीर सिंह पाल (32) को गिरफ्तार कर लिया।