पंजाब के पठानकोट से दिल्ली के ओर टैक्सी से चले तीन संदिग्धों को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। टैक्सी (ऑल्टो कार) चालक का शव हिमाचल में मिलने के बाद दिल्ली पुलिस सतर्क हो गई है।
टैक्सी के गायब होने को लेकर दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। वैसे गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुपर हाईअलर्ट है।
तीनों संदिग्धों की फोटो जारी करते हुए सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरतने का आदेश दिया गया है। ऑल्टो कार व तीन संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी ने बताया कि पठानकोट से चली कार के गायब होने के बारे में इनपुट्स मिले हैं। पंजाब पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सफेद रंग की ऑल्टो कार नंबर-एचपी 01डी 2440 पठानकोट से दिल्ली के लिए तीन लोगों ने किराए पर ली थी।