दिल्ली के मुंडका इलाके में 14 फरवरी को हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के पीछे उसके दामाद का ही हाथ है। शनिवार को स्पेशल सेल के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पंकज को शक था कि उसकी पत्नी का दो बार गर्भपात उसकी सास ने जबरन कराया था। इससे नाराज होकर आरोपी ने साथियों संग मिलकर पांच गोली मारकर हत्या कर डाली।
स्पेशल सेल ने आरोपी के साथी उज्ज्वल डबास को पकड़ लिया है। उसने पूछताछ में पुलिस को यह चौंकाने वाली जानकारी दी। अब पुलिस को पंकज व एक अन्य आरोपी अजीत की तलाश है। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पीएस कुशवाह ने बताया कि उज्ज्वल डबास के कब्जे से एक पिस्तौल और नौ कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथी पंकज का अपनी सास से विवाद चल रहा था।
उसे शक था कि उसकी पत्नी का दो बार गर्भपात कराने के पीछे उसकी सास का हाथ था। पुलिस ने कहा कि पंकज की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और वह अपनी मां के साथ रह रही थी। पंकज इस बात को लेकर काफी वक्त से नाराज था। इस दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सास की हत्या की योजना तैयार की।
14 फरवरी को जब उसकी सास किसी काम से ई-रिक्शा से घर जा रही थी तभी आरोपियों ने गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी कार से फरार हो गए। हत्या में शामिल उज्ज्वल डबास के इलाके में छिपे होने की सूचना मिली। इस आधार पर स्पेशल सेल ने उसे दबोच लिया।
आरोपी डबास ने यह भी खुलासा किया कि फरवरी की शुरुआत में उसके गिरोह ने लाडपुर गांव के सरपंच से 15 लाख रुपये की मांग की थी। जब सरपंच ने रुपये नहीं दिए तो डबास और उसके साथी अजीत ने उस पर भी गोलियां चलाई थीं।