आपराधिक वारदातों में शामिल होने की वजह से घर से दरकिनार किए गए एक 64 वर्षीय बुजुर्ग बदमाश ने अपना गैंग बना लिया और लूटपाट करने लगा। वह पीड़ितों का गला दबाकर उनसे लूटपाट करता था। अलीपुर इलाके में बुजुर्ग अपने साथियों के साथ रविवार रात एक युवक से लूटपाट करने लगा, लेकिन युवक ने बहादुरी दिखाते हुए लूटपाट कर भाग रहे आरोपी को दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
शुरुआती जांच में पता चला कि बुजुर्ग पर पहले से डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक सहयोगी बदमाश को दबोच लिया है। जबकि एक अन्य फरार बदमाश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। रविवार शाम को पुलिस को बुढ़पुर बस स्टैंड पर लूटपाट और एक बदमाश के पकड़े जाने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही अलीपुर थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि शिकायतकर्ता ने एक बुजुर्ग को पकड़ रखा है। शिकायतकर्ता की पहचान महेंद्र नगर, कंचनपुर, उत्तराखंड निवासी बलदेव भट्ट के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह बेंगलूरु में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। दो माह की छुट्टी लेकर वह अपने गांव आया था।
रविवार को वह अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा केशव से मिलने आया था। उसे चाचा का घर का पता नहीं मालूम था। वह शाम को बुढ़पुर बस स्टैंड पर बस से उतरा। वहां उसने बस स्टैंड पर बैठे तीन लोगों से अलीपुर गांव जाने का रास्ता पूछा। तीनों उसके पास आए और बुजुर्ग से दिखने वाले व्यक्ति ने उसका गला चॉक कर दिया और लूटपाट करने लगे।