पिछले साल से एक्यूआई अधिक
-दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत कई शहरों में बढ़ा एक्यूआई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के आखिरी दिनों में हवा की गुणवत्ता पिछले साल के मुकाबले काफी खराब दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, 20 से 24 सितंबर के बीच दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कमजोर मानसून, वाहनों के धुएं और निर्माण कार्यों जैसे स्थानीय कारकों को इस प्रदूषण वृद्धि का मुख्य कारण बताया गया है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 20 सितंबर को एक्यूआई 131 से बढ़कर 160 हो गया। 21 से 23 सितंबर तक भी एक्यूआई क्रमशः 169, 178 और 154 दर्ज किया गया, जो पिछले साल की समान तारीखों से अधिक था। नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा। 20 सितंबर को एक्यूआई 144 से बढ़कर 215 हो गया, जबकि 21 से 23 सितंबर तक यह 189 से 206 के बीच रहा।
गुरुग्राम में स्थिति और चिंताजनक रही, जहां 21 सितंबर को एक्यूआई 64 से बढ़कर 218 और 22 सितंबर को 132 से बढ़कर 242 तक पहुंच गया। फरीदाबाद में 20 सितंबर को एक्यूआई 163 रहा, जो पिछले साल से अधिक था। गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी कुछ दिनों में एक्यूआई में वृद्धि देखी गई, खासकर ग्रेटर नोएडा में 21 सितंबर को यह 276 तक पहुंच गया।
प्रदूषण बढ़ने के कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सितंबर में मानसून कमजोर रहा। इससे प्रदूषण में बढ़ोतरी हुई। उधर, वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य, सड़क की धूल ने भी हवा की गुणवत्ता को प्रभावित किया। स्थानीय स्तर पर होने वाला प्रदूषण ने भी इसमें योगदान दिया।