दिल्ली-एनसीआर में चलने वाली तेज हवाओं ने सोमवार को पारे की चाल रोक दी। 24 घंटे के भीतर दिल्ली के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 44 डिग्री सेल्सियस के साथ तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।
हालांकि, पालम का तापमान इस सीजन में अबतक का सबसे ज्यादा 46.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पालम के साथ आया नगर का इलाका भी लू की चपेट में रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक मौसम में ज्यादा फेरबदल की उम्मीद है।
28 मई के बाद मौसम दोबारा करवट लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में 35 किमी प्रति घंटा की चाल से हवाएं चलीं। इससे गर्मी होने के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। दिल्ली का तापमान रविवार के 44.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में सोमवार को 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पूरी दिल्ली में लू नहीं चली। इसकी जगह सिर्फ पालम व आया नगर के मॉनीटरिंग स्टेशन ही लू की चपेट में रहे। दोनों इलाकों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
पालम में तो सोमवार को इस सीजन का सबसे ज्यादा रिकॉर्ड दर्ज किया गया। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि सतह पर चलने वाली हवाओं के तेज होने से से गर्मी का एहसास तो बना रहा, लेकिन तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। अगर हवाओं की चाल सामान्य होती तो दिल्ली का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला जाता।