राजधानी में गुरुवार देर रात से शुरू हुई बारिश प्रदूषण से राहत लेकर आई। शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर होती बारिश व हवा की गति बढ़ने से दिल्ली का प्रदूषण धुल गया। नवंबर माह में पहली बार राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 279 दर्ज किया गया, लेकिन यह खराब श्रेणी में है। अचानक से गिरे प्रदूषण के स्तर में एक दिन में 158 अंक की गिरावट देखी गई। लोगों ने लंबे समय बाद खराब हवा में सांस ली। ऐसे में लोगों को जहरीली होती हवा से फौरी राहत मिली है। समग्र रूप से दिल्ली का एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। साथ ही, एनसीआर में फरीदाबाद की हवा सबसे प्रदूषित रही। विशेषज्ञों के मुताबिक मौसमी बदलाव ने प्रदूषण का स्तर जरूर कम किया गया है, लेकिन हवा में नमी होने से आने वाले दिनों के लिए मुश्किल बढ़ सकती है।