दिल्ली की वायु गुणवत्ता में हुआ सुधार
- फोटो : amar ujala
बीते एक दिन पहले हुई हल्की बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण स्तर में कमी हुई है। इस कड़ी में वायु गुणवत्ता बहुत खराब से खिसक कर खराब श्रेणी में पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में दिल्ली का एक्यूआई 41 अंकों की कमी के साथ 267 रहा है। इससे एक दिन पहले यह 305 रहा था। वायु गुणवत्ता निगरानी करने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार बढ़ने व पारे में अंतर से वायु गुणवत्ता में सुधार बना रहेगा।
वायु मानक संस्था सफर के मुताबिक, मंगलवार को हुई हल्की बारिश की वजह से प्रदूषक धरती की सतह पर बैठ गए। साथ ही हवा की रफ्तार बढ़ने की वजह से दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण में कमी हुई है। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार बढ़ने व दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की वजह से प्रदूषकों को फैलने में मदद मिलेगी। बीते 24 घंटे में हवा में पीएम 10 का स्तर 177 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर व पीएम 2.5 का स्तर 101 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड हुआ है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, बुधवार को हवा की रफ्तार पांच से 10 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड हुई है। मिक्सिंग हाइट का स्तर 1200 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स तीन हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया गया। आईआईटीएम का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार पांच से 10 किमी प्रति घंटा रहेगी। वहीं, मिक्सिंग हाइट का स्तर 1100 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स घटकर 500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया जा सकता है। शुक्रवार को हवा की रफ्तार पांच से 10 किमी प्रतिघंटा, मिक्सिंग हाइट का स्तर एक हजार मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर 1100 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड होने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, बुधवार को फरीदाबाद के एक्यूआई में कमी हुई और यह 262 दर्ज किया गया। बीते एक दिन पहले यह 300 रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और नोएडा की हवा खराब श्रेणी में रिकॉर्ड हुई है।
दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े
दिल्ली- 267
फरीदाबाद- 262
गाजियाबाद- 257
ग्रेटर नोएडा- 268
गुरुग्राम- 258
नोएडा- 276