ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर और ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र से लापता आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्र पुलिस की मदद से सकुशल मिल गए हैं। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र से लापता हुआ एक छात्र परिजनों को बिना बताए गाजियाबाद पहुंच गया था और एक विक्रेता के साथ बिरयानी बेच रहा था। वहीं, ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र से लापता आठवीं कक्षा का छात्र नाराज होकर पैतृक गांव जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ता भटककर ट्रेन से लखनऊ पहुंच गया था। पुलिस दोनों मामलों में अपहरण का केस दर्ज कर जांच कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से नवादा, बिहार निवासी उमेश फेज-2 स्थित गारमेंट्स कंपनी में काम करते हैं। उनकी दो बेटियां और बेटा प्रिंस है। प्रिंस आठवीं कक्षा का छात्र है। शिक्षिका की शिकायत के बाद परिजनों ने प्रिंस को पढ़ाई के लिए डांटा था। 26 अप्रैल को प्रिंस घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। प्रिंस बिहार स्थित पैतृक गांव जाने के लिए आनंद विहार पहुंचा। इसके बाद वह ट्रेन में सवार होकर भटकता रहा। इस दौरान यात्रियों से खाना लेकर वह पेट भरता रहा।