दिल्ली-एनसीआर में आज शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र अफगानिस्तान का हिंदूकुश पर्वत था। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 मापी गई।
हिंदूकुश पर्वत भूकंप का केंद्र होने के चलते अफगानिस्तान, पाकिस्तान और पूर्वी उजबेकिस्तान में झटके महसूस किए गए। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ समेत कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
अमेरिकी एजेंसी इएमएससी ने भूकंप की तीव्रता 5.8 बतायी। भूकंप के झटके लगने के बाद लोग अपने-अपने घरों, दफ्तरों से बाहर निकल आए।
पाकिस्तान में भूकंप के झटके
पाकिस्तान में उत्तरी हिस्से के कई शहरों में शनिवार को 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। हालांकि, जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इस्लामाबाद में पाकिस्तान मौसम विभाग के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केन्द्र के मुताबिक, भूकंप का केन्द्र हिन्दू कुश में था। हिंदूकुश एक पर्वत श्रृंखला है जिसका फैलाव अफगान-पाकिस्तान सीमा के नजदीक मध्य अफगानिस्तान से लेकर उत्तरी पाकिस्तान तक है।
केंद्र ने बताया है कि रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता के भूकंप का केन्द्र अफगानिस्तान में हिन्दू कुश में जमीन से 208 किलोमीटर नीचे केन्द्रित था। डॉन न्यूज की खबर के मुताबिक, पेशावर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, कोहाट, स्वात, मियांवली और सरगोधा सहित पाकिस्तान के कई शहरों में भूकंप का झटका महसूस किया गया।