गुरुग्राम सेक्टर-49 स्थित आर्केडिया मार्केट के बाहर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे कृष्णकांत की पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सुनवाई शुरू हो गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके सोंधी की अदालत में शुक्रवार को अभियोजन पक्ष की ओर से आरोपी गनर महिपाल के खिलाफ सात गवाह पेश किए गए। इनमें 6 पुलिसकर्मी हैं, जबकि सातवें गवाह के रूप में क्राइम सीन के प्रमुख को रखा गया था। मामले की अगली सुनवाई 15 फरवरी को होगी।
अभियोजन पक्ष के वकील अनुराग हुड्डा के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने 81 गवाह बनाए हैं। इनमें दो चश्मदीद गवाह हैं। उनके मुताबिक प्रत्येक सुनवाई में आरोपी महिपाल अदालत में पेश रहेगा। 15 फरवरी को अगली सुनवाई में सभी सात गवाहों के बयान लिए जाएंगे।
बीते साल 13 अक्तूबर को सेक्टर-49 स्थित आर्केडिया मार्केट में खरीददारी करने गए तत्कालीन अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत की पत्नी रितु व पुत्र ध्रुव की उनके ही गनर महिपाल ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मौके से ही आरोपी गनर महिपाल को गिरफ्तार कर लिया था। तब से आरोपी गनर जेल में बंद है।