दिल्ली और एनसीआर में बाइक टैक्सियां चलाने की योजना फ्लाप हो गई है। परिवहन विभाग ने बाइक टैक्सियों के परमिट देने से इंकार कर दिया है।
देश के कई भागों में बाइक टैक्सियां चल रही हैं, लेकिन एनसीआर में जाम की समस्या के चलते इस योजना पर विराम लग गया है। पिछले साल परिवहन विभाग ने बाइक टैक्सियां चलवाने की योजना तैयार की थी।
इंदिरापुरम की एक संस्था ने बाइक टैक्सियों के परमिट लेने को आवेदन भी किया था। महाराष्ट्र, पुणे और सूरत सहित कई शहरों में बाइक टैक्सियों का संचालन होता है।
इन टैक्सियों पर चालक एक यात्री को लेकर गंतव्य तक पहुंचाता है। इससे यात्री अपने गंतव्य तक जल्दी पहुंचा जाता है। परिवहन विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में भी बाइक टैक्सियों को चलवाने की योजना तैयार की थी।
एक साल पहले इंदिरापुरम की एक संस्था ने इसकेलिए परमिट भी मांगे थे। परिवहन विभाग के अफसरों ने जाम से जूझते दिल्ली-एनसीआर में बाइक टैक्सियों के संचालन की संभावना तलाशने को अफसरों से रिपोर्ट मांगी थी।
अधिकारियों ने पाया कि बाइक टैक्सियों पर अपनी कारों में चलने वाले यात्री सफर नहीं करेंगे। अभी तक जो यात्री ऑटो से सफर कर रहे हें, बाइक टैक्सियों का प्रयोग वह ही ज्यादा करेंगे।
ऐसे में जाम की समस्या कम होने की बजाय और बढ़ेगी। दूसरी समस्या एमवी एक्ट को लेकर थी। एक्ट में इस तरह की टैक्सी चलवाने को संशोधन कराना पड़ता। ऐसे में परिवहन विभाग ने हाथ पीछे खींच लिए हैं।