दिल्ली की आबोहवा एक बार फिर शनिवार को खराब रही। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इसकी वजह हवा की रफ्तार में आई कमी और तापमान का गिरना रहा। पूर्वानुमान है कि रविवार को दिल्ली की आबोहवा ज्यादा खराब हो सकती है।
'सफर' की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शनिवार का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 रहा। यह बहुत खराब स्तर से सिर्फ एक प्वाइंट कम है। हालांकि, एक दिन पहले का सूचकांक 154 पर था। दूसरी तरफ धूल के महीन कणों पीएम 10 व पीएम 2.5 का स्तर क्रमश: 243 व 122 रहा। पीएम 10 व 2.5 का स्तर मानक 100 व 60 से दो गुने से ज्यादा है। 'सफर' का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में वायु की गुणवत्ता में गिरावट आ सकती है। पीएम का स्तर रविवार को बहुत खराब स्तर तक पहुंच सकता है।
गौरतलब है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक सात स्तर पर मापा जाता है। सूचकांक 0-50 के बीच होने वाले हवा की गुणवत्ता अच्छी मानी जाती है, जबकि 51-100 के बीच संतोषजनक। इसी तरह सूचकांक 101-200 के बीच औसत, 201-300 पर खराब, 301-400 के बीच बहुत खराब और 401-500 के बीच सूचकांक पहुंचने पर इसे खतरनाक माना जाता है।