ओखला इलाके में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई और शव नाले में फेंक दिया। युवक पर 17 बार चाकू से वार कर किए जाने की बात सामने आई है। ओखला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या की वारदात का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया।
जिला डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि सईद उर्फ राजा (22) इंदिरा कल्याण विहार, ओखला में परिवार के साथ रहता था। परिवार में पिता अमानत खान, मां, बहन व भाई हैं। पिता ओखला में सुपरवाइजर की नौकरी करते हैं। सईद गुरुग्राम में एक कॉल सेंटर में काम करता था। चाचा इमरान ने बताया कि शनिवार दोपहर के समय सईद घर से समोसा खाने के लिए निकला था। जैसे ही वह बाल्मीकि बस्ती के पास पहुंचा तो चार-पांच युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपियों ने सईद पर चाकू से 17 बार से ज्यादा वार किए। इसके बाद आरोपी सईद को अधमरा कर नाले में फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस सईद को नजदीक स्थित ईएसआई अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ओखला थाना पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सईद का चार वर्ष पहले आरोपी युवकों से झगड़ा हुआ था। सईद व उसके दोस्तों ने दूसरे पक्ष के सूरज नामक युवक की हत्या कर दी थी। सूरज की हत्या का बदला लेने के लिए ही सईद की हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष इंदिरा कल्याण विहार झुग्गी-बस्ती, ओखला इलाके में रहते हैं।