दिल्ली मेट्रो की रफ्तार में शनिवार दोपहर फिर ब्रेक लग गया। राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन में एक सेकेंड के लिए बिजली ट्रिप होने से 35 मिनट तक ट्रेनें रुकी रहीं। व्यवस्था बहाल होने में लगभग एक घंटा लग गया। राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय दिल्ली मेट्रो के बड़े इंटरचेंज स्टेशन हैं।
शनिवार दोपहर 12:40 बजे बारिश के दौरान अचानक दोनों स्टेशन में एक साथ बिजली ट्रिप हो गई। हालांकि ट्रिप महज एक सेकेंड का था, लेकिन पूरे 35 मिनट तक ट्रेनों के पहिए थमे रहे। बिजली ट्रिप होने से कंप्यूटर सिग्नल सिस्टम शटडाउन हो गया। इसके साथ ही ट्रेनों को दी जाने वाली आईडी मिलनी बंद हो गई।
इस वजह से केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और राजीव चौक के बीच लगभग आठ ट्रेनें रुक गईं। इन ट्रेनों के रुकते ही जहांगीरपुरी से हुड्डा सिटी सेंटर के बीच अप-डाउन की लगभग 60 ट्रेनों के पहिए भी थम गए।
उसके बाद डीएमआरसी प्रबंधन ने तत्काल कंप्यूटर सिग्नल सिस्टम को रीस्टार्ट किया, लेकिन पूरी तरह स्टार्ट होने में दस मिनट से अधिक समय लग गया। सिग्नल सिस्टम रीस्टार्ट होने के बाद उक्त ट्रैक पर दोबारा सभी ट्रेनों को आईडी (हर ट्रेन एक आईडी के साथ ट्रैक पर चलती है, उसी आईडी के आधार पर उसे आगे सिग्नल और संदेश दिए जाते हैं) दी गई।
दोबारा आईडी देने में लगभग 35 मिनट का समय लग गया। डीएमआरसी प्रबंधन ने मेट्रो सिस्टम को दोबारा दोपहर 1:15 बजे तक ट्रेनों का संचालन सामान्य बनाया, लेकिन फिर भी येलो लाइन पर व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु होने में एक घंटे से अधिक समय लग गया।
ब्लू लाइन भी प्रभावित
येलो लाइन के दो मेट्रो स्टेशन में ब्रेक लगा, लेकिन उसका असर ब्लू लाइन की रफ्तार पर भी पड़ा। दरअसल, येलो लाइन पर ट्रेन रुकते ही राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में अत्यधिक भीड़ बढ़ गई, जिसे व्यवस्थित करने के लिए दिल्ली मेट्रो को पांच से छह मिनट के लिए दो गेटों पर भीड़ को रोकना पड़ा।
हालांकि गेट खुले हुए थे। शनिवार को छुट्टी होने के चलते मेट्रो में अधिक भीड़ तो नहीं थी, फिर भी यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ी।