दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे पुस्तक मेले के समापन से एक दिन पहले शनिवार को मेले में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी लेकिन बारिश ने सारी उम्मीदों को धो डाला। अब आयोजकों की निगाहें रविवार को उमड़ने वाली भीड़ पर जुट गई है। आयोजकों की ओर से आखिरी दिन मेले में कई स्टॉल पर 50 फीसदी तक छूट दिए जाने की बात कही गई है।
इससे पहले शनिवार को भी कई स्टॉल पर भारी डिस्काउंट की धूम रही। प्रकाशकों ने पाठकों को लुभाने के लिए एक संग एक फ्री किताब का ऑफर भी दिया। बच्चों की कार्टून किताबों के साथ कलर, कहानियों की किताबों के सेट बनाकर बेचे गए।
वहीं कई स्टॉल पर देशी और विदेशी व्यंजनों बनाने वाली किताबों के साथ घर के सजाने वाली इंटीरियर डिजाइनर की किताबों के सेट बनाकर भी पाठकों को लुभाने की कोशिश की गई।
इससे पहले प्रगति मैदान में आयोजित दिल्ली बुक फेयर में शनिवार का दिन रंगों के नाम रहा। राजधानी समेत एनसीआर के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे करीब पांच सौ छात्रों ने सफेद कागज पर लाल, पीले, हरे, नीले, काले रंगों से स्कूल की आकृतियां बनाईं। मेले में अलग अलग उम्र वर्ग के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कम रही दर्शकों की संख्या
आयोजक व आईटीपीओ की जरनल मैनेजर वी मीरा के मुताबिक, इस साल मौसम के मिजाज की वजह से मेले में पहुंचने वालों की संख्या खासी कम रही। पहले गर्मी तो बाद में बारिश ने मेले पर प्रभाव डाला है। पिछले वर्ष जहां शनिवार को पहुंचने वालों की संख्या 24,000 के करीब रहती थी। वहीं वहीं, इस यह संख्या 19,000 तक ही रही।