कश्मीरी गेट और विश्वविद्यालय स्टेशनों के बीच दिल्ली मेट्रो का परिचालन मेंटेनेंस के काम के चलते रविवार को कुछ घंटों के लिए आंशिक रूप से बाधित रहेगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक बयान में कहा कि 19 फरवरी को येलो लाइन (यानी हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली) के कश्मीरी गेट और विश्वविद्यालय खंड के बीच निर्धारित ट्रैक मेंटेनेंस कार्य करने के लिए, इस खंड में आने वाले दो स्टेशनों यानी सिविल लाइंस और विधानसभा स्टेशन पर सुबह 6.30 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
सिविल लाइंस और विधानसभा मेट्रो स्टेशन यात्रियों के लिए सुबह 6.30 बजे तक बंद रहेंगे। डीएमआरसी ने बताया कि इस अवधि के दौरान कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशनों के बीच मुफ्त फीडर बस सेवा के माध्यम से कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। डीएमआरसी ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के पांच नंबर गेट को बंद रखा जाएगा।