दिल्ली एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी मेट्रो ने मंगलवार को एक बार फिर रुलाया। तकनीकी गड़बड़ी के चलते दिल्ली समेत एनसीआर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
सुबह करीब 8:45 बजे द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा सिटी सेंटर/वैशाली के बीच चलने वाली ब्लू लाइन ट्रेन में तकनीकी खामी से पौने घंटे तक मेट्रो की रफ्तार थमी रही।
पीक ऑवर्स में तकनीकी खामी के चलते बुहत से लोगों को ऑफिस पहुंचने में देरी हुई। सुबह 11:30 बजे मेट्रो सेवा सामान्य हो सकी। इस बीच कई स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए थे।
गेट खुलने पर स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। मेट्रो से बाहर आने और अंदर जाने में लोगों को खासी परेशानी हुई। ब्लू लाइन में खामी के चलते यलो, ग्रीन और वायलेट लाइन भी प्रभावित रहीं।
बता दें कि पिछले कई महीनों से दिल्ली मेट्रो तकनीकी समस्या से जूझ रही है। बार-बार खराबी आने के बावजूद इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। पीक ऑवर्स में खराबी आने के चलते जहां लोगों को जरूरी काम के लिए देर होती है, वहीं मेट्रों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।
मेट्रो में ज्यादतर तकनीकी खराबी ब्लू लाइन में ही होती है। इस पर अक्सर एचओआई की समस्या आती है।