दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में मंगलवार रात कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने दो दोस्तों को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में इसरार (18) और सलमान (22) को नजदीकी हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत बिगड़ने पर सलमान को एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सुमित (19) को रात के समय ही गिरफ्तार कर लिया। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि आपसी रंजिश और रुपयों की लेनदेन में आरोपी सुमित ने दोनों से कहासुनी के बाद गोली मार दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी कर ली है। आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक इसरार परिवार के साथ न्यू गोविंदपुरी में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। इसरार वेल्डिंग का काम करता था। वहीं सलमान और आरोपी सुमित अपने-अपने परिवारों के साथ रशीद मार्केट, खुरेजी में रहते हैं। तीनों युवक आपस में दोस्त थे। सलमान इलेक्ट्रीशियन का काम करता है जबकि सुमित बेरोजगार है।
मंगलवार देर रात को तीनों जगतपुरी इलाके में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान तीनों की आपस बहस हो गई। इस बीच सुमित ने पिस्टल निकालकर इसरार के सीने व सलमान के पेट में गोली मार दी। इसरार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान का इलाज जारी है।
पुलिस सुमित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि रुपयों की लेनदेन और किसी बात पर सुमित व इसरार के बीच दो-तीन माह पूर्व झगड़ा हुआ था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसी दौरान सुमित ने वारदात को अंजाम दिया।