मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलर के कर्मचारी को लूट लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसे जांच के नाम पर रोका। बाद में करीब 15-16 लाख के सोने-हीरे के जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित जगदीश पटेल (20) ने मामले की सूचना पुलिस व अपने मालिक को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को ईरानी गैंग न अंजाम दिया है। करोल बाग थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गुजरात का रहने वाला जगदीश दिल्ली के मानसरोवर गार्डन, कीर्ति नगर में रहता है।
पीड़ित ज्वेलर के पास करता है डिलीवरी ब्वॉय का काम
वह करोल बाग के बीडनपुरा में एक ज्वेलर के पास पिछले करीब दो सालों से डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। बुधवार शाम को वह करोल बाग से चांदनी चौक जेवरात के दो बॉक्स लेकर निकला था। वह पैदल ही मेट्रो स्टेशन की ओर जाने लगा। इस बीच जैसे ही वह हरध्यान मार्ग, मस्जिद के पास पहुंचा तो एक आरोपी ने उसे रोक लिया। उसने जगदीश को पुलिस का आईकाड दिखाते हुए कहा कि उसे बाइक पर बैठे साहब बुला रहे हैं। जगदीश ने देखा कि दूर सड़क पर एक युवक बैठा हुआ था।
बातों-बातों में बदमाशों ने उड़ाया एक बैग
जगदीश के वहां पहुंचते ही आरोपी ने इधर-उधर की बात कर उसकी तलाशी लेना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उसके बैग से जेवरात का एक बैग उड़ाया और वहां से बाइक पर बैठकर चलते बने। बाद में जगदीश जेवरात के एक बैग के गायब होने का पता चला। जगदीश ने पुलिस को बताया कि बैग में 250 ग्राम से अधिक वजन के जेवरात थे। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।