कालकाजी थाना पुलिस ने कानूनी सलाहकार व चार्टर्ड एकाउटेंट(सीए) पंकज ठाकुर की पत्नी संगीता पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लूटपाट करने की नीयत से महिला पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी ऑनलाइन गेम खेलता था। ऑनलाइन गेम में वह 70 हजार रुपये हार गया था और उस पर कुछ अन्य कर्ज भी थे। अपने कर्जे को उतारने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार तिवारी (30) के रूप में हुई। मूलरूप से गांव खरकपुर, थाना पीपरपुर जिला अमेटी, यूपी निवासी धर्मेंद्र कुमार तिवारी जी-41, शिवदुर्गा विहार लक्कड़पुर फरीदाबाद हरियाणा में रहता था। वह नेहरू प्लेस स्थित पीएनजी में काम करता था।
वह ऑनलाइन गेम खेलता था और 70 हजार से ज्यादा रुपये हार गया था। इसके अलावा उस पर कर्जा था। कर्जे को उतारने के लिए वह लूटपाट की नीयत से सी-7, कालकाजी में रहने वाले पंकज ठाकुर के घर घुस गया था। वह गैस की रीडिंग लेने के बहाने घर में घुसा था। घर में घुसकर उसने गैस की रीडिंग ली और लूटपाट करने के लिए जैसे ही अंदर से गेट बंद किया संगीता(47) ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने रसोई से चाकू उठाकर संगीता पर हमला कर दिया। उसने संगीता पर चाकू से छह से ज्यादा वार किए थे। इसके बाद आरोपी गेट खोलकर फरार हो गया। मामला दर्जकर कालकाजी थानाध्यक्ष बलवीर कल्सन की देखरेख में एसआई महेश कुमार, सिपाही आनंद व वीरेंद्र ने जांच शुरू की।
आरोपी का चेहरा घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। साथ ही आरोपी ने वर्दी पहन रखी थी। ऐसे में आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस उसके फरीदाबाद स्थित घर गई तो आरोपी गायब मिला। एसआई महेश को पता लगा कि आरोपी अग्रिम जमानत लेने के लिए साकेत कोर्ट में घूम रहा है। थानाध्यक्ष बलवीर कल्सन की टीम ने आरोपी को साकेत कोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।