सुल्तानपुरी में शनिवार रात युवती को 13 किलोमीटर तक घसीटने के मामले में इंसानियत भी शर्मसार हो गई। इस मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान भी सामने आए हैं। उपराज्यपाल ने जहां इस मामले को शर्मनाक करार दिया है, वहीं केजरीवाल ने इस मामले में दोषियों के लिए कड़ी सजा की उम्मीद जताई है।
केजरीवाल ने दोषियों के लिए मांगी फांसी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार दिन में एक कार्यक्रम के दौरान कंझावला मामले में बोलते हुए दोषियों के लिए फांसी की सजा मांगी। उन्होंने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है कि कुछ युवकों ने मिलकर अपनी कार से एक महिला को घसीटा जिससे उसकी मौत हो गई। न जाने हमारा समाज किस तरफ जा रहा है। मैं अपील करता हूं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उन्हें फांसी पर लटकाया जाए। यह जघन्यतम अपराध है।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बीती देर रात इस मामले में एक के बाद एक दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा, एलजी ने लिखा कंझावला-सुल्तानपुरी में हुई अमानवीय घटना से मेरा सिर शर्म से झुक गया है और दोषियों के राक्षसी असंवेदनहीनता से स्तब्ध हूं। मैं इस पूरे हादसे की मॉनिटरिंग दिल्ली पुलिस कमिश्नर के साथ कर रहा हूं और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एलजी ने देर रात किए अपने ट्वीट में ये भी कहा कि पीड़ित परिवार की हर तरह की मदद की जा रही है। उन्होंने सभी से अपील की है कि इस मामले अवसरवादी रवैया न अपनाते हुए साथ मिलकर काम करें और एक जिम्मेदार व संवेदनशील समाज बनाने की दिशा में काम करें।
सीएम केजरीवाल ने कही ये बात
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार सुबह ट्वीट कर मामले को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा, कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ, वो बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
आप विधायक दुर्गेश पाठक ने एलजी पर लगाया राजनीति करने का आरोप
देश की राजधानी क्राइम सिटी बन चुकी है। दिल्ली में हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और एलजी साहब कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी छोड़कर राजनीति कर रहे हैं। आज दोपहर 2.00 बजे दिल्ली वाले लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ एलजी हाउस का घेराव करेंगे।
10 नहीं 13 किलोमीटर तक घसीटी गई युवती
कार सवार पांचों आरोपी युवकों ने कार से युवती को 13 किलोमीटर से ज्यादा घसीटा था। इसमें से करीबन 1 से 2 किलोमीटर एरिया बाहरी जिले में है और बाकी एरिया रोहिणी जिले में है। आरोपी युवक कार से युवती को घसीटते हुए सुल्तानपुरी से जोंटी गांव, कंझावला तक ले गए। अगले बंपर और पहियों के बीच युवती फंस गई थी। कार में फंसा हुआ शव जब सड़क पर गिरा तो युवक फरार हो गए। रविवार तड़के 4:11 बजे राहगीरों ने सड़क पर युवती का शव देखकर पुलिस को खबर दी।