जेएनयू के सहायक प्रोफेसर ने अपने अपहरण का आरोप लगाया
- फोटो : अमर उजाला
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक सहायक प्रोफेसर ने अपने अपहरण का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, जेएनयू के शिक्षक संघ ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।
शिक्षक संघ के मुताबिक, प्रो. शरद बाविस्कर ने 18 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह 17 जून की मध्य रात अपनी कार में सफर कर रहे थे। इस दौरान उनका सड़क पर कुछ लोगों से विवाद हो गया। जब प्रोफेसर ने सुझाव दिया कि विवाद को पुलिस स्टेशन ले जाया जाए, तब बदमाशों ने प्रोफेसर का अपहरण कर लिया।
आरोप है कि उन्हें दिल्ली स्थित एक आवास में ले जाया गया, जहां उन्हें तीन घंटे से अधिक समय तक कैद में रखा गया। आरोपियों ने प्रोफेसर से मौखिक दुर्व्यवहार, शारीरिक हमला कर, धमकी देने के साथ ही उनके रुपये भी छीन लिए। शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई है कि दिल्ली पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ लेगी और प्रोफेसर बाविस्कर और उनके परिवार की सुरक्षा की गारंटी देगी।