फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहांगीरपुरी हिंसा: दिल्ली पुलिस को गृह मंत्री शाह के निर्देश, ऐसी कार्रवाई करें जो बने मिसाल, ताकि न हों ऐसी घटनाएं

Mon, 18 Apr 2022 11:15 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में हनुमान जयंती के दिन जहांगीरपुरी में हुई हिंसा को आज तीन दिन हो चुके हैं, इसके बाद भी इलाके में माहौल तनावपूर्ण बने हुए हैं। सोमवार को एफएसएल की टीम जांच के लिए पहुंची है। इस मामले में अब तक फायरिंग करने वाले समेत 21 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
विज्ञापन
सोनू उर्फ यूनुस गिरफ्तार। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जहांगीरपुर हिंसा मामले में गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शाह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करें जो मिसाल बने। जिससे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

विज्ञापन


आरोपी सोनू उर्फ इमाम के कब्जे से पिस्टल बरामद
उधर, आरोपी सोनू उर्फ इमाम उर्फ यूनुस के पास से एक अत्याधुनिक पिस्टल बरामद हुई है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने घटना के दौरान कुशाल चौक के पास अपनी पिस्टल से फायरिंग की थी।

वृंदा करात ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
जहांगीरपुरी मामले में वृंदा करात और एम तिवारी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के जहांगीरपुरी में निकाली गई यात्रा में लोग हथियारों से लैस थे। जिसमें कई लोग तलवारें, लाठियां और हथियार लिए हुए थे। दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में दोनों ने घटना में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही कहा है कि शोभा यात्रा के दौरान इन हथियारों को खुलेआम लहराया गया।
विज्ञापन


मुख्य आरोपी सोनू उर्फ यूनुस गिरफ्तार
पुलिस ने जहांगीरपुरी हिंसा मामले में मुख्य आरोपी सोनू उर्फ यूनुस को गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने लाया गया। 16 अप्रैल को दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में दंगे के दौरान गोली चलाने के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा था। उससे पूछताछ की जा रही है।

आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज
वहीं, हनुमान जन्मोत्सव पर बिना अनुमति के जुलूस निकालने वाले आयोजकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल दिल्ली प्रांत, मुखर्जी नगर जिला झंडेवाला के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आयोजकों ने पुलिस से शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं ली थी। विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख प्रेम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी असलम और अंसार की दो दिन की पुलिस कस्टडी भी बढ़ा दी गई है। 

हिंसा मामले में रविवार को सात और आरोपी कोर्ट में पेश किए गए। जिन्हें पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ रोहिणी कोर्ट ले जाया गया।



केजरीवाल को शर्म नहीं आती है इस तरह के बयान देने में- ओवैसी
हिंसा मामले पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पूरा आरोप मुसलमानों पर लगा दिया। उनको शर्म नहीं आती है इस तरह के बयान देने में कि मुसलमानों ने पत्थर फेंके। जब चुनाव आते हैं तब आप सबके वोट लेते हैं और जब ऐसे मामले सामने आते हैं तब आप अपना असली चेहरा दिखाते हैं। सांप्रदायिक हिंसा उस वक्त ही होती है जब सरकार चाहती है। यहां पर भी सरकार ने सांप्रदायिक हिंसा होने दी। सरकार के सामने सब कुछ हो रहा है जिसकी पूरी जिम्मेदारी मोदी सरकार पर आती है। आज दिल्ली पुलिस के कमिश्नर ने खुद ये कहा है कि जहांगीरपुरी में जो जुलूस निकाला गया उसकी इजाजत नहीं ली गई थी। जब जुलूस निकाला जा रहा था तब पुलिस क्या कर रही थी? पुलिस तमाशा देखने के लिए बैठी थी? और जुलूस में हथियारों की क्या जरूरत थी?
 

पुलिस टीम पर पथराव
सोमवार को जब पुलिस की टीम गोली चलाने वाले शख्स सोनू चिकना की पत्नी से पूछताछ और हिरासत के लिए जहांगीरपुरी पहुंची तो कुछ घरों से टीम पर पथराव कर दिया गया। इसके बाद से इलाके में एक बार फिर तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस सोनू को गिरफ्तार करने के लिए भी पहुंची है। हालांकि आरएएफ की अतिरिक्त तैनाती के बाद अब हालात नियंत्रण में हैं। जब इस बारे में एडिशनल डीसीपी मयंक बंसल से ताजा पत्थरबाजी के बारे में पूछा गया तो वह बोले कि, मुझे हालात का जायजा लेने दीजिए।



फॉरेंसिक टीम पहुंची जहांगीरपुरी
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती की शोभायात्रा पर शनिवार को पथराव के बाद भड़की हिंसा मामले की जांच करने के लिए एफएसएल की टीम सोमवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची है। टीम यहां से फॉरेंसिक सबूत जुटाएगी। फॉरेंसिक टीम मस्जिद व उसके आसपास की गलियों में जाकर जांच कर रही है और जिन छतों से पथराव किए गए उनकी भी जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


दिल्ली हिंसा में फायरिंग करने वाले समेत 21 गिरफ्तार
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती की शोभायात्रा पर शनिवार को पथराव के बाद भड़की हिंसा मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अंसार समेत 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके अलावा 2 नाबालिग भी पकड़े गए हैं। करीब 21 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने रविवार को 14 आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से 12 को जेल भेज दिया गया, जबकि अंसार और गोली चलाने का आरोपी असलम एक दिन की पुलिस हिरासत में हैं। गृहमंत्रालय ने एहतियातन सीआरपीएफ और आरएएफ की पांच और कंपनियां इलाके में भेजी हैं। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी है।

आठ जवान समेत 9 लोग हुए जख्मी

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि हिंसा के दौरान पुलिस के आठ जवानों समेत 9 लोग जख्मी हुए थे। इनमें एक एसआई के हाथ में गोली लगी थी। रविवार को कुछ नए वीडियो सामने आए, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। इलाके की अमन कमेटियों से बात कर माहौल को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के विशेेष आयुक्त दीपेंद्र पाठक (कानून-व्यवस्था) रविवार को दिनभर मौके पर रहे। उन्होंने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वीडियो को कब्जे में लिया है। इन्हीं के आधार पर गिरफ्तारियां की गईं हैं।

शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस के बाद बिगड़ी बात

पुलिस पूछताछ में पता चला कि अंसार और उसके साथियों ने शोभायात्रा निकाल रहे लोगों से बहस की। इसके बाद बात बढ़ी तो पथराव हो गया। इस बीच गोली भी चली। हालात बिगड़े तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले चलाकर भीड़ को खदेड़ा। करीब 45 मिनट से एक घंटे तक भीड़ ने हंगामा किया।

वीडियो में दिखा गोली चलाने वाला

रविवार को हिंसा का नया वीडियो सामने आया, जिसमें नीला कुर्ता और सफेद पजामा व टोपी लगाए युवक पिस्टल से भीड़ पर गोली चला रहा है। यह व्यक्ति गोली चलाने के आरोप में पकड़े गए असलम से अलग है। अधिकारियों का कहना है कि इसकी भी पहचान कर ली गई है और तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हिंसा के वीडियो और फोटो पुलिस से साझा करें।

संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा

जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के बाद से राजधानी अलर्ट मोड पर है। सभी संवदेनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। हर जिले में पुलिस उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अमन कमेटियों के साथ बैठक कर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। जमीयत-उलमा-ए-हिंद के लोग भी जहांगीरपुरी पहुंचे और लोगों से मुलाकात कर शांति बनाए रखने की अपील की।

इन लोगों की गिरफ्तारी

पुलिस ने जहांगीरपुरी निवासी जाहिद (22), अंसार (35), शहजाद (33), मुख्तियार अली (28), आमिर (22), अकसर (26), नूर आलम (28), मोहम्मद असलम (22), जाकिर (22), अकरम (22), इम्तियाज (29), मोहम्मद अल (27), आहिर (35), मोहम्मद अली सेख (22), शेख सौरभ (42), सुकेन के पुत्र सूरज (21) व नीरज (19), सुकेन (45), सुरेश (43) व सुजीत सरकार (28) को गिरफ्तार किया है। दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से चार एक ही परिवार के हैं। पुलिस ने असलम व एक आरोपी को पिस्टल समेत दबोचा है। सभी आरोपी जहांगीरपुरी के अलग-अलग ब्लॉक के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ बलवा करने, सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला, मारपीट, आगजनी, जानलेवा हमला, आपराधिक षड्यंत्र और ऑर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। 

असलम सीएए विरोधी दंगों में भी नामजद: जहांगीरपुरी हिंसा के दौरान गोली चलाने वाले असलम के खिलाफ वर्ष 2020 में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा में भी केस दर्ज हुआ था। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें