राहत बचाव का कार्य जारी
बाद में डीडीएमए, नगर निगम की टीम भी घटना स्थल पर आ गईं। इसके बाद रेस्क्यू का काम शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मकान के मलबे में दो मजदूर दबे हो सकते हैं, फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम जारी था। पुलिस के मुताबिक ग्राउंड फ्लोर पर बने पुराने मकान पर एक और मंजिल का निर्माण कर रविवार को उसका लेंटर डाला गया था।
दो मजदूरों के दबे होने की खबर
अचानक लेंटर के साथ पूरा मकान जमींदोज हो गया। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मकान मालिक से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही थी। मकान मालिक आशंका जता रहा था कि ग्राउंड फ्लोर पर शायद दो मजदूर कुछ काम कर रहे थे, उनके ही दबे होने की आशंका है।
200 गज का है मकान
उत्तर-पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम करीब 6.46 बजे उनकी टीम को खबर मिली कि मिलन गार्डन, सेवाधाम रोड, हर्ष विहार में करीब 200 गज का एक मकान गिर गया है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया। मौके पर पुलिस को मकान मालिक कुलविंदर तंवर मिला।
आज ही डाला गया था लेंटर
उसने बताया कि वह हादसे वाले मकान से चंद मकान छोड़कर परिवार के साथ रहता है। यहां उनका पुराना मकान बना हुआ था। पिछले कुछ दिनों से मकान पर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को इसका लेंटर डाला गया था। शाम करीब 5 बजे तक लेंटर डालने का काम जारी था। श्रमिकों के जाते ही अचानक हादसा हो गया।
लेंटर का वजन न सह सका पुराना मकान
स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि लेंटर डालते समय हादसा होता तो शायद हताहतों की संख्या ज्यादा होती। अभी यह साफ नहीं है कि मकान में कोई दबा भी है या नहीं। मलबा हटाने के बाद ही इसका पता चल पाएगा। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुराना मकान लेंटर का वजन नहीं सहन नहीं कर सका और हादसा हो गया।