दिल्ली सरकार ने राजधानी के स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे किसी ऐसे कार्यक्रम में हिस्सा न लें जो तंबाकू कंपनियों द्वारा प्रायोजित हो। निर्देश में शिक्षा निदेशालय ने कहा कि स्कूल किसी ऐसे कार्यक्रम में हिस्सा न लें, जिसकी प्रायोजक कंपनी किसी भी तरह के तंबाकू उत्पादों के उत्पादन, बिक्री अथवा उपयोग को बढ़ावा देने से संबंधित हो।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया कि छात्रों या शिक्षण संस्थानों को ऐसी कंपनियों द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कारों अथवा छात्रवृत्तियों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रधानाचार्यों को लिखे एक पत्र में कहा कि तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान को ऐसे कार्यक्रम में कतई हिस्सा नहीं लेना चाहिए, जिसकी प्रायोजक कंपनी किसी भी तरह से तंबाकू उत्पादों के उत्पादन, बिक्री अथवा उपयोग को बढ़ावा देने से संबंधित हो।
ऐसी कंपनियों द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कारों अथवा छात्रवृत्ति को भी स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। निदेशालय का यह पत्र स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी उन दिशा-निदेर्शों के बाद सामने आया है, जिसमें आम जनता के स्वास्थ्य को देखते हुए तंबाकू उत्पाद से संबंधित कंपनियों के फाउंडेशन के किसी भी सहयोग को नजरअंदाज करने को कहा गया था।