दिल्ली के किसानों की फसलों को टिड्डियों के हमले से बचाने के लिए दिल्ली सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। राजधानी के सभी राजस्व कमिश्नर, जिला अधिकारी, तीनों एमसीडी व एनडीएमसी को एडवाइजरी जारी कर सरकार ने तत्काल उपयुक्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही उद्यान व कृषि विभाग को दवा के छिड़काव का इंतजाम करने के साथ किसानों का जागरूक करने को कहा गया है। इस बारे में दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने आला अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को बैठक की।
गोपाल राय के मुताबिक, उत्तर भारत में जिस तरह टिड्डियों का दल किसानों पर कहर ढा रहा है, उससे दिल्ली की खेती-किसानी भी सुरक्षित नहीं है। आशंका है कि दिल्ली में भी टिड्डियों का दल हमला बोल दे।
ऐसी हालत में एडवाइजरी जारी कर सभी राजस्व कमिश्नर, जिलाधिकारियों, तीनों एमसीडी और एनडीएमसी को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। कृषि कार्य से जुड़े दूसरे विभागों को सजग रहने का कहा गया है।
गोपाल राय ने बताया कि टिड्डियों का दल फसलों के साथ पेड़-पौधे, नर्सरी आदि पर भी हमला कर सकता है। ऐसे में नुकसान की आशंका है। इसी को देखते हुए दिल्ली के कृषि और उद्यान विभाग को उपयुक्त कदम उठाने का दिशा-निर्देश दिया गया है।
वहीं, कृषि विभाग को किसानों को इस बारे में जागरूक करना है। साथ ही जरूरत पड़ने पर कीटनाशकों का छिड़काव भी करना है। गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें मौजूदा हालात का जायजा लिया गया। साथ ही टिड्डियों की चाल पर नजर रखने को अधिकारियों से कहा गया है।
कृषि विभाग इसकी नोडल एजेंसी होगा, जिससे सभी संबंधित विभाग संपर्क रखेंगे। सभी विभागों को अलर्ट करते हुए बैठक में गोपाल राय ने कहा कि जरूरत होने पर तत्काल उपयुक्त कदम उठाया जाए। इससे किसानों की फसल बर्बाद होने से बचाई जा सके।