उत्तरी जिले के सिविल लाइंस इलाके में महिला मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के साथ घर में घुसकर बदतमीजी करने और धमकाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि दिल्ली सरकार में वरिष्ठ पद पर तैनात अधिकारी ने इस वारदात को अंजाम दिया। महिला मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की शिकायत पर मामला दर्जकर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी पहले भी कई लोगों के साथ शराब केनशे में बदतमीजी कर चुका है।
जबरन घर में घुस करने लगा गाली गलौच
उत्तरी जिला डीसीपी मधुर वर्मा के अनुसार रोहिणी कोर्ट में तैनात मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सुशील बाला डागर राजपुर रोड स्थित ऑफिसर फ्लैट्स में रहती हैं।
पड़ोस में ही ग्राउंड फ़्लोर पर आरोपी दिल्ली सरकार का अधिकारी शमीम अख्तर रहता है। शमीम अख्तर दिल्ली सरकार के कल्याण विभाग में बतौर एडिशनल कमिश्नर तैनात है।
आरोप है कि शमीम अख्तर प्रथम मंजिल पर रहने वाली महिला मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के घर में जबरन घुस गया और गाली-गलौच करने लगा। मौके पर पड़ोसी एकत्रित हो गए तो आरोपी सभी को धमकी देने लगा।
सारी करतूत हुई सीसीटीवी में कैद
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने घर से एयरगन ले आया और महिला मजिस्ट्रेट के साथ बदतमीजी करने लगा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। आरोप ये भी है कि आरोपी ने महिला मजिस्ट्रेट की कार व घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू किया। बताया जा रहा है कि आरोपी की सारी करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अधिकारी को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपीइस तरह की बदतमीजी के आरोप में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। जान से मारने की धमकी देने, घूरने आदि धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।