दिल्ली सरकार ने शॉपिंग मॉल में स्थित शराब की 37 और दुकानों को फिर से खोलने की अनुमति देते हुए, वहां सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाने का निर्देश दिया है।
एक अधिकारी ने बताया कि आबकारी विभाग ने अभी कंटेनमेंट जोन में शराब की कोई भी दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी है। शहर में ऐसे लगभग 240 जोन हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने शॉपिंग मॉल में स्थित 37 शराब की दुकानें फिर से खोलने की अनुमति दी है। सरकार ने इन दुकानों को मॉल के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सामाजिक दूरी के नियमों समेत सभी ऐहतियाती कदम उठाने का भी निर्देश दिया है।
आप सरकार ने 8 जून को मॉल में शराब की दुकानों को फिर से खोलने की अनुमति दी थी और उनके मासिक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के बाद अपना काम शुरू कर ने के निर्देश दिए थे। दिल्ली में लगभग 860 शराब की दुकानें हैं, जिसमें से 475 सरकार द्वारा संचालित हैं और 389 निजी दुकानें हैं।