दिल्ली में एक ऑटो चालक की सवारी से किराए को लेकर बहस हो गई, जिसमें गुस्साए चालक ने युवती को चाकू घोंप दिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शाहीन बाग की रहने वाली 22 वर्षीय महरीन रियाज ने रविवार को नूर नगर से सीसी मार्केट एनएफसी जाने के लिए एक ऑटो ली। जब वह गंतव्य पर पहुंची तो उसके और ऑटो चालक के बीच में किराए को लेकर कहासुनी हो गई।
इस बीच ऑटो चालक को गुस्सा आ गया और उसने महरीन पर एक तेज धार वाले हथियार से हमला कर दिया। इससे महरीन के पेट के निचले हिस्से में दाहिनी तरफ चोटें आ गईं। जिसके बाद युवती को अस्पताल ले जाया गया। महरीन की शिकायत पर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 324/506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।