दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक यात्री के बैग से पांच कारतूस मिले हैं। यात्री के पास से हथियार का लाइसेंस मिला है लेकिन लाइसेंस सिर्फ पंजाब में वैध है। पुलिस ने यात्री के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एक यात्री रविवार रात दिल्ली से हैदराबाद जाने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचा। एक्सरे मशीन पर यात्री के बैग में सीआईएसएफ कर्मी को संदिग्ध वस्तु दिखी। तुरंत उसके बैग की तलाशी ली गयी। जिसमें पांच कारतूस मिले। यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। उसकी पहचान पठानकोट पंजाब निवासी मलकीत सिंह(50) के रूप में हुई।
पूछताछ में मलकीत ने बताया कि उसके पास हथियार का लाइसेंस है। जिसे पठानकोट के जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किया है। लेकिन जांच में पता चला कि लाइसेंस सिर्फ पंजाब में वैध है। सीआईएसएफ ने यात्री को एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया लेकिन उसे बाद में जमानत दे दी गयी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।