अलीपुर के रिहायशी इलाके में फैक्टरी में आग लगने के बाद कई धमाके हुए। इससे आग तेजी से फैल गई और चीख-पुकार के बीच लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के बीच कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। जबकि मौके का फायदा उठाकर हरियाणा निवासी फैक्टरी का मालिक अखिल जैन फरार हो गया। घटना के बाद कर्मचारियों ने संपर्क करने की कोशिश की तो उसने बताया कि वह गुवाहाटी में है।
वहीं, आग ने स्टेशनरी व टेलर की दुकान, सैलून, ढाबा, किराना स्टोर व सामने वाले घरों को चपेट में ले लिया। इससे सामने वाले घर में रहने वाले तीन लोगों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि दुकानों व घरों में रखा सामान जल गया। इसके अलावा फैक्टरी के अंदर खड़े वाहन और बाहर स्कार्पियों व बाइक भी जल गई। स्थानीय लोग व दमकलकर्मी घरों की छत से आग बुझाने में जुट गए।
लोगों का कहना है कि फैक्टरी में करीब 12 लोग हताहत हो सकते हैं। वहीं, दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय 24 लोगों के फैक्टरी में होने की जानकारी मिली थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्टरी में करीब तीन दर्जन से अधिक केमिकल के ड्रम व काफी मात्रा में पेंट के डब्बे रखे हुए थे। ज्वलनशील पदार्थ होने से आग तेजी से फैल गई।
जेसीबी मंगवाकर शुरू कराया तलाशी अभियान
- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से फैक्टरी का फर्श काफी गर्म हो गया था। इसे देखते हुए देर रात करीब 11 बजे जेसीबी मंगवाकर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
नशा मुक्ति केंद्र के लोगों को बाहर निकाला
- फैक्टरी के सामने एक नशा मुक्ति केंद्र भी है। धमाके के बाद इसमें आग लग गई थी। स्थानीय लोगों व पुलिस ने समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया।
अपनों की तलाश में जुटे लोग
घटना की जानकारी मिलने के बाद से अपनों की तलाश में कई लोग फैक्टरी पहुंच गए। सुनील ठाकुर ने बताया कि भाई अनिल ठाकुर फैक्टरी में काम करता था। भाई से मोबाइल के जरिये संपर्क करने का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा है। फैक्टरी से मिले शव इतने झुलस गए हैं कि पहचान पाना मुश्किल है। एक अन्य युवक ने बताया कि छोटा भाई हुकुम भी यहां काम करता था। शाम पांच बजे के बाद से उसका फोन बंद है।
आग की हाल की घटनाएं
- 19 जनवरी 2024: पीतमपुरा में घर में आग लगने से 5 लोगों की मौत।
- 27 जनवरी 2024: शाहदरा में इमारत में आग लगने से 9 माह के बच्चे समेत चार लोगों की मौत।
- 15 नवंबर 2023: शकरपुर में चार मंजिल इमारत में लगी आग। जान बचाने के लिए कई लोग नीचे कूदे। महिला की मौत व दमकलकर्मी समेत 19 लोग झुलसे।