गणेश नगर-2 में आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकलकर्मी घटनास्थल पर देर से पहुंचे। ऐसे में आग बढ़ गई और पूरी इमारत चपेट में आ गई। हालंकि, दमकल विभाग के अधिकारियों ने आरोपों से इंकार करते हुए सूचना मिलने के 10 मिनट में मौके पर पहुंचने का दावा किया है।
अधिकारियों ने बताया कि मदर डेयरी रोड से अंदर गणेश नगर में दाखिल होने के दौरान सड़क पर लोगों ने गाड़ियां खड़ी कर रखी थीं। इसके अलावा दीपावली पर लगाई लड़ियों से भी अंदर जाने में दिक्कत हुई। इसके बावजूद समय पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। एसटीओ फिरोज खान ने बताया कि शुरुआत में तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। आग वाहनों में लगी थी, ऐसे में आग तेजी से फैल गई।
धीरे-धीरे आग ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़ रही थी। पार्किंग में लगी आग की वजह से फौरन सामने की ओर से सीढ़ी लगाकर लोगों को ऊपरी मंजिल से नहीं उतारा जा सकता था। पहले आग पर काबू पाने का प्रयास हुआ। पार्किंग में आग बुझाने के बाद पहले सामने की ओर सीढ़ी लगाकर कुछ लोगों को उतारा गया। बाद में अंदर आग की गर्मी कम होने के बाद इमारत की सीढि़यों को इस्तेमाल कर कुछ लोगों को उतारा गया। इसके अलावा कुछ लोगों को छत के रास्ते पड़ोस की इमारत से निकाला गया।
तीन महीने पहले भी इमारत में लगी थी आग
दूसरी मंजिल पर रहने वाले ऋतिक ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व भी पार्किंग में शार्टसर्किट से आग लग गई थी। उस समय सारे मीटर अंदर पार्किंग में लगे थे। आग से एक गाड़ी के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद इमारत में रहने वाले सभी लोगों ने प्रयास कर अपने-अपने मीटर बिल्डिंग के बाहर दीवार पर लगवा दिए थे। अब मीटर बाहर लगने के बाद भी दोबारा शायद शार्टसर्किट से आग लगी। इमारत के आधे हिस्से में बनी पार्किंग को बिल्डर ने गोदाम बनाकर किराये पर दिया हुआ है। बाकी 100 गज के हिस्से में पार्किंग के अलावा सीढि़यां भी हैं। यहीं पर चार कार, 11 दोपहिया वाहन और तीन साइकिलें खड़ी थीं।
बीएसईएस वाले पहले सीए नंबर बताओ
आग लगने के बाद बिल्डिंग के लोगों ने बीएसईएस को कॉल कर एरिया की लाइट काटने की गुजारिश की। लोगों ने बताया भी कि इमारत में आग लगी है। बिजली बंद होने पर शायद आग कम हो जाएगी। इस पर बीएसईएस के कर्मचारियों ने कॉलर ऋतिक से पहले मीटर का सीए नंबर बताने के लिए कहा। कई लोगों ने ऐसे ही कॉल की। सभी से सीए नंबर मांगा गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष था।
पार्किंग में आग लगने की कुछ घटनाएं
- 8 नवंबर 2023: वेलकम स्थित कबीर नगर में चारमंजिला इमारत की पार्किंग में लगी आग से पिता-पुत्री झुलसे। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया, बाकी लोगों ने पड़ोस की इमारत में जाकर जान बचाई।
- 29 अगस्त 2022: दिल्ली के जीटीबी एंक्लेव स्थित दिलशाद कालोनी में देर रात चारमंजिला इमारत की पार्किंग में भीषण आग लगी। आग लगने से इमारत में धुआं भरा, लोगों ने छत पर भागकर अपनी जान बचाई।
- 2 नवंबर 2016: शाहदरा की मोहन पार्क कॉलोनी में चारमंजिला इमारत की पार्किंग में आग लगने से मां-बेटी समेत तीन की मौत हुई 12 लोग झुलस गए।
- 19 जून 2019: दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अबुल फजल एंक्लेव इलाके में आवासीय इमारत के पार्किंग स्थल पर आग लग गई। घटना में सात लोगों को बचाया गया।
- 6 अगस्त 2019 : दिल्ली के जाकिर नगर में एक इमारत की पार्किंग में भीषण आग लगी, आग में 6 लोगों की मौत, 11 लोग झुलसे।