गांधी नगर इलाके में मंगलवार सुबह कपड़े की एक दुकान में आग लग गई। सूचना पर दमकल की 21 गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। पांच अन्य दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। इस बाबत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे गली नंबर एक में कपड़े की एक दुकान में आग लगी। दुकानदार के भाई ने दुकान खोलने के बाद बिजली का स्विच ऑन किया, तभी इन्वर्टर बॉक्स में शार्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। तत्काल पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। गली संकरी होने की वजह से दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्ग पर गाड़ियों को रोककर दमकल कर्मी पाइप के जरिए आग बुझाने में जुट गए। तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी। इसने पांच अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन छह दुकानों में रखा लाखों कीमत का माल जल गया है।
मीटर या पोल में शार्ट सर्किट से बिजली कंपनी का इंकार
बिजली कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आग लगने के बाद एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पोल में शार्ट सर्किट होता दिख रहा है, लेकिन यह पूरी तरह से गलत है। बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, आग इमारत की तीसरी मंजिल पर शार्ट सर्किट से लगी और फैलते हुए नीचे आई। मीटर के बाद उपभोक्ता की अपनी अंदरूनी वायरिंग होती है। बिजली कंपनी का उससे कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए गांधी नगर मार्केट में लगी आग से बिजली कंपनी का कोई लेना-देना नहीं है।