दिल्ली में केंद्र सरकार, उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के बीच चल रही खींचतान पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इस पूरे मामले से ऐसा लगता है कि सरकार चलाने की जगह विवाद को बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि एलजी और सरकार के बीच जो भी विवाद फिलहाल चल रहा है असल में वह एक संवैधानिक मामला है जिसे कानूनी ढंग से सुलझाया जा सकता है। इस पर विवाद पैदा करने से कोई समाधान नहीं निकलने वाला है।
उन्होंने कहा कि हमने भी 15 साल दिल्ली में सरकार चलाई और इस दौरान ऐसा कोई विवाद या परेशानी पैदा नहीं हुई। हालांकि उन्होंने माना कि दिल्ली में पुलिस और भूमि से लेकर कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां दिल्ली सरकार का नियंत्रण नहीं है। लेकिन इन मामलों को भी एलजी या गृहमंत्रालय से बातचीत करके सुलझाया जा सकता है।
गृहमंत्रालय के नोटिफिकेशन पर शीला दीक्षित ने कहा कि इस पर जो लांक्षन लगाया जा रहा है वह पूरी तरह से बेबुनियाद है। केंद्र सरकार की ओर से जो भी निर्देश आए हैं उनका कानूनी आधार होता है जिसे गलत कह कर खारिज नहीं किया जा सकता।