केजरीवाल ने कहा कि अक्सर चुनावों में कहा जाता है कि चुनाव से पहले वाली रात कत्ल की रात होती है। उस रात को खूब शराब, पैसे और मुर्गा बंटता है। लेकिन दिल्ली का यह चुनाव एक अलग ही चुनाव है। इसमें चुनाव से डेढ़ महीने पहले से ही खुलेआम पैसे और सामान बंटना शुरू हो गया है। जूते बंट रहे हैं। 1100-1100 रुपए बांटे जा रहे हैं। किसी को कोई डर नहीं है। ये जितना सामान और पैसा बांट रहे हैं, सब ले लो। चिंता मत करो। लेकिन अपना वोट मत बेचना।
केजरीवाल ने यह भी कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सयाने होते हैं अपना वोट नहीं बेचेंगे। यह वोट देने का अधिकार बाबा साहब अंबेडकर ने दिया है। अगर वोट बिकने लगे तो देश में ऊपर बड़े-बड़े साहूकारों का राज हो जाएगा। आपके बच्चों के लिए कोई स्कूल और अस्पताल नहीं बनवाएगा।
अपनी अपील में केजरीवाल ने यह भी कहा कि जिसे मर्जी अपना वोट दे दो लेकिन जो आपके वोट खरीदने की कोशिश कर रहा है, उसे कतई वोट मत देना। अगर कोई कसम भी खिलाए फिर भी उसे वोट न देना। मैं भी हर मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर जाता हूं। मैं जब अगले मंगलवार को मंदिर जाऊंगा तो मैं आपके लिए हनुमान जी से कहूंगा कि मेरे लोगों को जो जबरदस्ती कसमें खिलाई गई हैं, वो कसमें उनके ऊपर नहीं लगनी चाहिए। भगवान जी मेरी सुनते हैं।